Sunday, July 08, 2007

न्यूयार्क में ताली बजाने की क़ीमतः डेढ़ लाख रुपये


हिंदी का 8 विश्वकुंभ अमेरिका के न्यूयार्क में 13 से 15 जुलाई तक होने जा रहा है । हिंदीसेवी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने अपने डेरों से प्रस्थान भी करने लगे हैं । बताया जा रहा है कि विश्व के 128 देशों से हिंदी सेवी शरीक होने वाले हैं पर पिछले दिनों जिस तरह की गतिविधियाँ नज़र आयी हैं उससे सम्मेलन की सफलताएं संदेहास्पद और संदिग्ध जान पड़ती हैं ।

भारतीय परिप्रेक्ष्य में इस आयोजन को तौलें तो यह शहर एवं महानगर निवासी तथाकथित रचनाकारों का जमावड़ा मात्र सिद्ध होने वाला है । शायद ही दूरदराज के उन हिदीं सेवियों को इसमें जोड़ा गया है या उसे जोड़े जाने का वास्तविक उद्यम किया गया है जो अपनी मौन साधना से हिंदी को समृद्ध कर रहे हैं । विडम्बना कहिए कि किसी भी राज्य सरकारों ने हिंदी-प्रियता का परिचय देते हुए अपने स्तर पर इसका प्रचार-प्रसार नहीं किया जिससे सम्मेलन की बात गाँव-कस्बों के मौन साधकों तक पहुँच पाती । बात सिर्फ इतनी भी नहीं है, आयोजकों ने हिंदी के वरिष्ठ रचनाकारों, तकनीकी विशेषज्ञों, भाषाशास्त्रियों, फिल्मकारों, गायको, प्रकाशकों को जोड़ना उचित नहीं समझा जिनकी बदौलत हिंदी भारत से अन्यत्र पुष्पित-पल्लवित हो रही है ।

इस वैश्विक आयोजन में तलवे चाटने वाले हिंदी के भांड कवियों और मंच में मसखरी करने वालों को खास तवज्जो दिया है। इससे बड़ा दुर्भाग्य और क्या होगा कि न्यूयार्क में सम्मेलन के दौरान दैनिक कार्यवृति की रिपोर्टिंग चुटकुलेबाज कवि करने वाले हैं। हमने तो यही सुना है । होगा क्या हम नहीं कह सकते । क्या पत्रकारिता जगत के रिपोर्टरविहीन हो गया यह महादेश ? कितनी शर्म की बात है कि एक तथाकथित अखिल भारतीय मंचीय कवि के युवती पीए को सिर्फ इसलिए खर्च करके आयोजक ले जा रहे हैं कि वह डीटीपी कार्य जानती है और वह वहाँ अपने बॉस का हाथ बटायेगी । (ऐसा कार्य आपमें से और कोई जानते हों कृपया दुखी न होवें ।)आयोजकों के शायद इसी और ऐसी गैर गंभीर क्रियाकलापों और हरकतों के कारण नामवर सिंह, अशोक वाजपेयी, केदारनाथ सिंह और मंगलेश डबराल जैसे दिग्गज लेखकों ने विरोध स्वरूप सम्मेलन में हिस्सा लेने से साफ मना कर दिया है। हरीश नवल, प्रेम जनमेजय, कमल कुमार जैसे बड़े रचनाकारों ने भी इसी तर्ज में स्वयं को अलग कर लिये हैं, जो लगातार कई सम्मेलनों में शरीक होते रहे हैं और जिन्होंने विदेशों में हिंदी का परचम फहराया है । इनमें हिन्दी के प्रख्यात कवि केदारनाथ सिंह का नाम भी है, जिन्होंने सम्मेलन को व्यर्थ बताते हुए इसमें भाग लेने से मना कर दिया है। केदारनाथ सिंह ने तो कहा है कि यह सम्मेलन व्यर्थ है और इसका कोई प्रयोजन नहीं है।

यह प्रमाणित तथ्य है कि विदेश मंत्रालय और अमेरिकन एंबेसी के मध्य कोई तालमेल नहीं रहा है । सच तो यह है कि भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से ऐसे कोई प्रयास ही किये ही नहीं गये जिससे पंजीकृत प्रतिभागियों को वांछित वीजा बनाने में सरलता और सुविधा होती । इससे सबसे बड़ी हानि यह हुई कि प्रख्यात लोग सम्मेलन में शरीक होने से वंचित हो गये हैं और पंचम-षष्ठम श्रेणी के उन शौकिया लेखकों को 10-10 साल तक का वीजा मिल गया है जिन्हें हिदीं से कोई खास लेना देना नहीं और जो सम्मेलन के बहाने न्यूयार्क मात्र घूमने-फिरने जा रहे हैं। ऐसे लोग अमेरिका के गुन गा रहे हैं – क्यों भी न गायें। इसी बहाने ‘अमेरिका रिटर्न’ कहलाने का मौका जो मिलेगा उन्हें । आयोजकों में अदूरदर्शिता और आयोजकीय व्यवस्था के अभाव के कारण आठवें विश्व हिंदी सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मुम्बई से जाने वाले प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्यों वीजा प्राप्त करने से वंचित रह गये हैं । उन्हें इस आधार पर वीजा देने से इनकार कर दिया है कि उन्होंने अमेरिका के बाहर सामाजिक,आर्थिक और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में पर्याप्त कार्य नहीं किया है। क्या यह मुंबई के साहित्यकारों और हिंदी सेवियों के लिए अपमानजनक नहीं है। इतना ही नहीं विश्वप्रसिद्ध टेक्नोक्रेट और युवा वैज्ञानिक जगदीप डांगी को भी अमेरिकन वीजा से वंचित कर दिया गया है जिसके द्वारा विकसित साफ्टवेयर खरीदने कभी अमेरिकन कंपनी माइक्रोसॉफ्ट भी स्वयं उनके दरवाजे तक जा पहुँची थी ।

विश्व हिदी सम्मेलन को अर्थशास्त्रीय दृष्टि से देखें तो आयोजकों अर्थात् भारत सरकार ने जिस तरह से प्रतिभागिता का मापदंड़ निर्धारित किया है वह हिंदी के वास्तविक आराधकों और सेवकों के लिए दुष्कर है । एक से डेढ़ लाख खर्च किये बिना वहाँ जाने की कल्पना नहीं की सकती । यह अलग बात है कि आप पहुँच भी गये तो आपको केवल ताली ही बजानी है। क्योंकि विमर्श सत्र में आपको कुछ कहने की कोई अनुमति तो मिली नहीं है - आयोजकों की ओर से । इस बीच भारत सरकार ने राज्य सरकारों को लेखकों को सहयोग करने हेतु लिखकर छुट्टी कर ली है । अब राज्य सरकार की मर्जी कि वे अपने राज्य के हिंदी सेवियों को वहाँ हिंदी की आवाज़ बुलंद करने भेजें या नहीं । आप उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकते। कुछ राज्य सरकारें बकायदा अपने राज्य से प्रतिनिधि मंडल भेज रही हैं जिसमें सिर्फ उनके विचारधाराओं के पांप्लेट्स लिखने वाले ही सम्मिलित हैं । कुछ राज्य सरकारों में वहाँ के अधिकारियों की मूर्खता, तानाशाही और स्वयं अमेरिका यात्रा करने के अति लालच के कारण वहाँ साहित्यकार विश्व हिंदी सम्मेलन में जाने से वंचित रह गये हैं, उन्हें फूटी-कौड़ी तक नसीब नहीं हो सका है । इस वैश्विक आयोजन से कुछ राज्यों को तो कुछ भी नहीं लेना देना - हिदीं चाहे जहाँ जाये (भाड़ तो नहीं कह सकता ना) । अब आयोजकीय धर्म के निर्वहनकर्ताओं को कौन समझाये कि सच्चे और ईमानदार हिंदी सेवी और साहित्यकारों का अफसरानों या नेता-मंत्रियों से चोली-दामन का साथ तो होता नहीं जो ऐन-केन प्रकारेण विज्ञापन आदि से राशि जुटा ही लें । बात छोटी-सी है पर यही इस आयोजन के उद्देश्यों की विश्वसनीयता का संकट है । पर आयोजकों को इस बात के लिए दाद देनी होगी कि उन्होंने विश्व हिदीं सम्मेलन का दरवाजा सबके लिए खोल दिया । चाहे टेटकू राम जाये या फिर टेकचंद या फिर टी. रामाराम । इसे ही तो प्रजातांत्रिक मूल्य के लिए खुलापन कहते हैं ।

इन दिनों विश्व हिंदी सम्मेलन की जो सूचनात्मक वेबसाइट विश्व भर में दिखायी जा रही है उसमें सारी जानकारी है पर वहाँ इस बात का कोई जिक्र नहीं है कि वहाँ किन महान हिंदी सेवकों(?) का सारा खर्च आयोजक (विशेषतः भारत सरकार या विदेश मंत्रालय)वहन कर रहे हैं जिन 60 रचनाकारों का न्यूयार्क के वैश्विक मंच में उनकी उल्लेखनीय सेवा के लिए प्रतीकात्मक सम्मान होने जा रहा है वे कौन लोग हैं ? उनका चयन किसने किया ? किस आधार पर चयन किया गया ? और तो और वहाँ कौन-कौन किस विषय पर आलेख पढ़ेगा? इसकी भी जानकारी अब तक नहीं दी जा सकी है । वैसे इन चीजों को वेबसाइट में भी अवश्य दिया जाना चाहिए ताकि आयोजन में खुलापन आ सके । नये लोग जान सकें कि आखिर वे पैरामीटर क्या होते जिनके बल पर रचनाकार को विश्वस्तर पर सम्मानित किया जाता है । तब जब हम भारतीय बड़े जोर-जोर से सूचना का अधिकार का डंका पीट रहे हैं इन सब बातों का उल्लेख अवश्य विश्व को बताया जाना था । ठीक उसी तरह जैसे अन्य सभी बातों को वेबसाइट में दिया गया है । जो भी हो, इस मौके पर बालेंदू दाधीच की तारीफ की जा सकती है कि उनके कारण कम से कम ब्लॉगरों जैसे दो कोड़ी के लेखकों को कम से कम भारत सरकार के वेबसाइट में तवज्जो तो दिया गया। उनमें से कोई न्यूयार्क सम्मेलन में नहीं बुलाये गये तो क्या !

जैसे कि सूचना मिल रही है ऐसे मौकों पर ग़ज़ल गायन और सितार वादन तो हो पर कबीर, तुलसी, रहीम, मीरा के पदों को गा-गाकर हिंदी का साम्राज्य विस्तार करने वाले कलाकारों की सुधि ही न रखी जाय। यह कहाँ का न्याय है ? जबकि आज भी सारे विश्व में यही हिंदी के नाम पर सर्वमान्य और प्रसिद्ध हैं । हिंदी को वैश्विक सिर्फ शाब्दिक ही नहीं बना रहे हैं या नहीं बना सकते, इसमें लोकगायकों, लोकनर्तकों, तकनीक सृजनकर्ताओं, शोधकर्ताओं आदि को भी याद किया जाना चाहिए जो अनेक माध्यमों से हिंदी को संसार भर में पहुँचा रहे हैं । हाँ, यह बात अलग है कि इसका जिक्र इस वेबसाइट में नहीं किया गया है और सभी बातों को जिक्र किया जाना वहाँ सम्भव भी नहीं है ।

यूँ तो इस वेबसाइट की सारी बातें पारदर्शी हैं पर जो नहीं हैं उसे लेकर विश्व भर में फैले हिंदी सेवियों के मन में कोई प्रश्न उठे तो उसका कोई जबाब यहाँ नहीं है । माना कि हिंदी को विश्व भाषा का दर्जा दिलाने के लिए व्यक्तिगत तौर पर हिंदी सेवी भी उत्तरदायी हैं और उनका विमर्श-सम्मेलन में स्वतःस्फूर्त होकर पहुँचना भी लाजिमी हो सकता है किन्तु क्या ऐसे लोगों तक ऐसी सूचना पहुँचाने का कोई व्यवहारिक प्रयास किया गया ? शायद नहीं। खासकर उन दूरदराज के हिंदी सेवियों, साहित्यकारों को इस आयोजन की कोई सूचना नहीं है जो संसाधन से लैश शहर से दूर किसी गाँव-कस्बों में बसते हैं और हिंदी के विकास में तिकड़मी साहित्यकारों से कहीं अधिक योगदान भी दे रहे हैं । कुल मिलाकर यह महानगरों के हिंदी विशेषज्ञों(?) और लखपति हिंदी सेवियों को न्यूयार्क में अधकचरा विमर्श करने या फिर बिना अवसर जाने करतल ध्वनि करने का त्यौहार जैसा लगता है ।

भारत सरकार को यदि छोड़ भी दें तो अमेरिका के आयोजकों, हिंदी सेवी संगठनों, हिंदी प्रेमी धनबली-प्रवासी भारतीयों में से किसी को भी हिंदी संस्कृति का मुख्य लक्षण यानी अतिथि देवो भवः का मूलमंत्र याद नहीं आ सका । यदि ऐसा होता तो वे कम से कम घर फूँक कर न्यूयार्क पहुँचने वाले दीवाने साहित्यकारों के सिर छुपाने के लिए कोई निःशुल्क छत जरूर ढूँढ लेते । तीन दिनों के दाना-पानी का पैसा भी पंजीयन के नाम पर पहले नहीं मांग लिया जाता । यानी कि प्रतिभागियों से भोजन पानी का पैसा भी वे बटोर चुके हैं । ऐसे में आम हिंदीभाषी कैसे विश्वास कर लें कि विदेशों में हिंदी के प्रति दीवानगी है, वहाँ हिंदी शिक्षण के प्रति आग्रह है, वे भी संयुक्त राष्ट्र संघ की भाषा के रूप में हिंदी को देखने में उत्सुक हैं ? हम मानते हैं कि वे भी हमसे पूछ सकते हैं कि क्या उन्होंने विश्व हिंदी सम्मेलन का सारा खर्च करने का ठेका ले रखा है तो फिर प्रश्न उठता है कि आखिर क्यों हिदीं के वास्तविक सेवक जो मूलतः मध्यम वित्तीय वाले होते हैं वहाँ गिरवी रखकर जायें । तर्क तो यह भी दिया जा सकता है कि आखिर किसने कहा कि ये वहाँ जायें ? तो भी साफ-साफ यह अर्थ निकलता है कि वहाँ विमर्श या चिंतन नहीं होना है । केवल मेला लगना है और मेले में वही घूमने जाता है जिसके पास पेट-पाट के बाद कुछ बच जाता है ।

ऐसे मौकों पर हिंदी सेवी मन सशंकित हो तो क्या यह अतिरिक्त है या एकतरफा ही है कि क्या ऐसे आयोजनों या आयोजकों के बल पर विश्व मानव परिवार की भावना सुदृढ़ हो सकेगी ? राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी की उपलब्धि पर सार्थक चर्चा संभव है ? विश्व हिंदी विद्यापीठ की स्थापना कब तक हो सकेगी ? विश्व भाषा हिदीं के उत्थान हेतु सचिवालय की स्थापना कैसे होगी ? विभिन्न देशों में हिंदी पीठों की स्थापना कौन करेगा ? विश्वव्यापी भारतवंशियों से हिंदी को संपर्क भाषा बनाने का अनुरोध कौन करेगा और उसे कौन मानेगा ? विभिन्न स्तरों पर हिंदी पठन-पाठन की व्यवस्था किसके बल पर होगी ? हिंदी के वैश्विक प्रचार-प्रसार, अनुप्रयोग तथा प्रयोजनों पर अनुसंधान करने कौन आगे आयेगा ? आदि-आदि। जो भी हो, यह सम्मेलन कोई विश्व उत्सव न बन जाये इस पर निगरानी जरुरी है। व्यक्तिगत तौर पर और आयोजकीय नैतिकता से भी ।

क्या इस 8 वे विश्व हिंदी सम्मेलन से उसके मूल उद्देश्यों यानी कि - अंतरराष्ट्रीय भाषा के रूप में हिंदी की भूमिका को उजागर करना,विभिन्न देशों में विदेशी भाषा के रूप में हिंदी के शिक्षण की स्थिति का आकलन करना और सुधार लाने के तौर-तरीकों का सुझाव देना, हिंदी भाषा और साहित्य में विदेशी विद्वानों के योगदान को मान्यता प्रदान करना, प्रवासी भारतीयों के बीच अभिव्यक्ति के माध्यम के रूप में हिंदी का विकास करना, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, आर्थिक विकास और संचार के क्षेत्रों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हिंदी का विकास आदि की लेकर हो रहे वैश्विक आयोजन की सफलता संदिग्ध नहीं हो गई है ?


0000

Monday, June 04, 2007

नक्सलवाद का विकृत चेहरा


नक्सलवाद भटका हुआ आंदोलन है । यह अधैर्य की उपज है । इसकी बस्ती में मानवता की कोई बयार नहीं बहती । यह पशुयुग की वापसी का उपक्रम है जिसके मूल में है हिंसा और सिर्फ हिंसा। यह जन के लुटे हुए सत्व के लिए नहीं अपितु हितनिष्ट ताकतों की राजनैतिक सत्ता के लिए संघर्ष मात्र है, जिन्हें वस्तुतः जनता के कल्याण से कोई वास्ता नहीं है । तथाकथित समाजवादी मूल लक्ष्यों की साधना से न अब किसी कमांडर को लेना देना है न वैचारिक सूत्रधारों को । वह पथभ्रष्ट और सिरफिरे लोगों की राक्षसी प्रवृत्तियों और हिंसक गतिविधियों का दूसरा नाम है । रहे होंगे उसके अनुयायी कभी सताये हुए लोगों के देवता, अब तो उनका दामन आदिवासियों, गरीब और अहसाय लोगों के खून से रंग चुका है । उसके मेनोफेस्टो में अब दीन-दुखी, पीडित-दलित, मारे-सताये हुए पारंपरिक रूप से शोषित समाज के प्रति न हमदर्दी की इबारत है, न ही समानता मूलक मूल्यों की स्थापना और विषमतावादी प्रवृतियों की समाप्ति के लिए लेशमात्र संकल्प शेष बचा है । वह स्वयं में शोषण का भयानकतम् और नया संस्करण बन चुका है । वह अभावग्रस्त एवं सहज, सरल लोगों के मन-शोषण नहीं बल्कि तन-शोषण का भी जंगली अंधेरा है । एक मतलब में नक्सलवाद शोषितों के खिलाफ हिंसक शोषकों का नहीं दिखाई देने वाला शोषण है । कम से कम छत्तीसगढ़ के दर्पण में नक्सलवाद का तो यही विकृत चेहरा नज़र आता है।

नक्सलवाद के बौद्धिक हिमायती वाग्जाल गढ़ते हैं – यह समाजवाद की क्रांतिकारी और अंतिम विधि है और मानववाद का संरक्षण ही उनका चरम ध्येय है। यदि समाजवादी आंदोलन की बुनियाद में मानव प्राण के प्रति सम्मान था तो फिर निरीह, निर्दोष लोगों को खुलेआम कत्ल करने की वैचारिक वैधता नक्सलियों ने कहाँ से ढूँढ़ निकाली। यह भी प्रकारांतर से सत्तावादी मानसिकता का परिणाम हैं । इतिहास में गवाहियाँ है कि भारतीय परंपरा में समाज के सभी वर्गों में समानता की स्थापना के लिए संचालित हर वैचारिक आंदोलन को अंततः जनता का भरपूर साथ मिलता रहा है । पर सलवा जुडूम जैसा जन आंदोलन साबित करता है कि नक्सलवाद मनुष्य का विरोधी है । जैसा कि नक्सली मानते हैं कि वे जनता के अधिकारों के पहरुए हैं और उन्हें शोषण से मुक्त करना ही उनका लक्ष्य है तो वे उसी शोषित जनता की हत्या की राजनीति क्यों चलाते हैं । यहाँ उनकी यह करतूत क्या उन्हें दक्षिणपंथी फासिज्म से नहीं जोड़ देती है? नक्सली जिस रास्ते पर चल रहे हैं उससे अंतत: लाभकारी होगा वॉर इंडस्ट्री को। खास कर उन्हें जो हथियारों की चोरी-छिपे भारत में अस्त्र-शस्त्र की आपूर्ति को निरंतर बनाये रखना चाहते हैं । इनकी घोर क्रांतिकारिता जैसे शब्दावली ही बकवास है। उसे मानवीय गरिमा की स्थापना की लड़ाई कहना नक्सलवाद का सबसे बड़ा झूठ है । अदृश्य किंतु सबसे बड़ा सत्य तो यही है कि वह सत्ता प्राप्ति का गैर प्रजातांत्रिक और तानाशाही (अ)वैचारिकी का हिंसक संघर्ष है ।

नक्सलवाद की धूर्तता के सामने समाजविज्ञानियों और विचारकों का शास्त्र भी अब पूर्णतः फेल हो चुका है जहाँ कभी यह माना जाता रहा कि नक्सलवाद की उत्पत्ति में लोकतांत्रिक सत्ता की लुच्चाई और टुच्चाई भी रही है । उनकी ओर से कभी तर्क गढ़ा जाता रहा कि देश में 92 प्रतिशत मजदूर असंगठित क्षेत्र में काम करते हैं। मजदूरों के खिलाफ ठेकेदार,मालिक या जमींदार की तरफ से हिंसा की जाती है। जिन उत्पादक रिश्तों में हिंसा एक दैनिक कर्म हो, वहां नक्सलवाद जैसी प्रतिरोधी गतिविधियों का होना स्वाभाविक है। यह भी भूल साबित हो चुका है । और इस भूल के शिकार होकर सैकड़ों हजारों असंतुष्ट युवा, बुद्धिजीवी और बेरोजगार इस आंदोलन में अपना जीवन व्यर्थ गवाँ चुके हैं । वे भारी भूल में थे जो यह समझते रहे कि वे मानवीय हित के लिए लड़ रहे हैं या वे समाज के लिए शहीद हो रहे हैं । न उनके आँगन का अंधेरा छंटा न ही गाँव-समाज-देश का । वास्तविकता तो यही है कि जाने कितने गरीब माँओं का आँचल सूना हो चुका है । सैकड़ों असमय वैधव्य झेल रही हैं। हजारों बच्चे आज सामाजिक विस्थापन झेल रहे हैं । एक ओर उन्हें हिंसावादी की संतान मान कर असामाजिक दृष्टि को झेलना पड़ रहा है दूसरी ओर वे असमय आसराविहीन हो रहे हैं । हाँ कभी-कभी उनके पिताओं के नाम पर बने किसी स्मृति पत्थर पर जरूर दो-चार जंगली फूल जरूर सजा दिये जाते हैं । वह भी इसलिए कि भावुक और आक्रोशित युवा नक्सलियों को शहीद होने का भ्रम बना रहे । यह सिर्फ ढोंग और नक्सलवाद की कुटिल चालें हैं, और कुछ नहीं । बस्तर और सरगुजा का भी युवजन नक्सलवाद के इसी ढोंग का शिकार हो चुका है ।

नक्सलवाद से जुझती सरकारों की हालत भी पतली हो रही है । विकास के लिए आरक्षित धनराशि का एक बड़ा हिस्सा पुलिस और सैन्य व्यवस्था के नाम पर व्यय हो रहा है जो अनुत्पादक है । इससे तरह-तरह की नया भ्रष्ट्राचार भी पनप रहा है । यदि खबरों पर विश्वास करें तो नक्सल प्रभावित लोगों के लिए प्रायोजित राहत के नाम पर फिर से बाजारवादी और लूट-घसोट में विश्वास रखने वाले ठेकेंदारों को नई उर्जा मिल रही है ।

नक्सलवाद मानती है कि भारत अर्ध सामंती, अर्ध औपनिवेशिक राज व्यवस्था वाला समाज है। हथियारों के माध्यम से वे यहां पीपल्स डेमोक्रेसी यानी सर्वहारा की सत्ता स्थापित की जा सकती है । इस मुद्दे पर उग्र वामपंथी (नक्सली) और उदार वामपंथी के देखने का नजरिया भिन्न-भिन्न है। उदार वामपंथी यानी सीपीआई, सीपीएम, सीपीआई (माले) जैसी राजनीतिक पार्टियां संवैधानिक संस्थाओं में आस्था जताकर लोकतांत्रिक तरीके से राजसत्ता हासिल करना चाहती है जबकि इसके ठीक विपरीत नक्सली इन्हें झूठ मानते हैं। उनकी गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य है पीपल्स आर्मी गठित करना। यह एक तरह का वामपंथी सैन्यवाद है। उग्र वामपंथियों और उदार वामपंथियों के बीच विभाजन की मुख्य वजह ही है हिंसा। आखिर ये नक्सली छद्म मांग को त्यागकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष के लिए तैयार क्यों नहीं होते? निर्दोष लोगों की हत्या के पीछे आखिर उनका कौन-सा अदृश्य एजेंडा है ? क्या यह एक नैतिक अपराध नही है ? सबसे बड़ी बात है कि यह प्रजातांत्रिक मूल्यों का संपूर्ण प्रतिरोध है जिसे कतई सामाजिक मान्यता नहीं मिल सकती । आखिर बातचीत हो तो भी कैसे ?

अतिवादियों का यह दर्शन भी भटकाव है, मिथ्यात्मक है कि माओत्सेतुंग की मृत्यु के बाद यह सब हुआ । सच्चाई तो यही है कि माओत्से तुंग अति राष्ट्रवादी थे। माओ ने लिन प्याओ को अपना उत्तराधिकारी बनाया। वह हमेशा राज्य के हित में और कौमी राज्य के हित में संलग्न रहता था । फिर ये नक्सली किन एजेंडों पर काम कर रहे हैं और किस तरह की नैशनलिज्म की राह पर चल रहे हैं, किसी से छुपा नहीं है अब । नक्सली या माओवादी यदि खून खराबा और हिंसा त्याग दें और बाकी मांगें रखें तो ज्यादा संभव है कि उनका यह संघर्ष समाज और देश के लिए बेहतर साबित हो । लेकिन खेद है कि यह उनका लक्ष्य कम से कम अब तो वह कतई नहीं रहा । यदि ऐसा होता तो वे भी समाज की, देश की अन्य बुराईयों और दासतावादी मानसिकता के विरूद्ध लड़ते । यदि ऐसा होता तो वे न्याय व्यवस्था में सुधार, न्यूनतम मजदूरी या वेतन, मादा भ्रूण हत्या, सांप्रदायिकता, धर्मांधता और अशिक्षा के विपरीत भी एकजूट होते । यदि ऐसा होता तो ये भ्रष्ट्राचार के विरूद्ध सबसे बड़ी लड़ाई लड़ते जो आज वनांचलों की ही नहीं समूचे भारत की सबसे बड़ी समस्य़ा है । और ऐसी सभी विद्रपताओं का खात्मा समान उद्देश्यों की सूची में होती । तब कदाचित् देश का अधिसंख्यक समाज भी जो आजादी के इतनी लबीं अवधि के बाद भी बुनियादी स्वप्नों और आंकाक्षाओं को फलित होते नहीं देख सका है, उनके वैचारिक लड़ाई में साथ होता । दरअसल आत्मा से ये वामपंथी हैं और शरीर से दक्षिण पंथ । सहज ही यह प्रश्न उठ खड़ा होता है कि नक्सली आम आदमी के हितैषी होते तो उन लोगों को क्यों नहीं धमकाते जो आम लोगों के जो बड़े-बड़े दुश्मन है । जो राजनैतिक तंत्र में घूस कर जनता का लहू पी रहे हैं और जो सभी के शिनाख्तगी में हैं । जो खूंखार फासिस्ट हैं, जो देश में सांप्रदायिकता के खिलाफ है उन्हें सजा दिलाने में ये क्यों नहीं खड़े हुए? जाहिर है कि इनका लक्ष्य समाज की शुचिता नहीं अपितु राजनैतिक महत्वाकांक्षा ही है जो गैर प्रजातांत्रिक भी है और इस नाते किसी एक्टिविस्ट का क्रियाकलाप नहीं ।

नक्सलवाद विचार और चिंतन शून्य हरकत है । यह देश के बहुसंख्यक सर्वहारा जन के अमन-चैन, समृद्धि और सुख विरोधी विचारधारा है । यदि यह सच है कि इनके असली सूत्रधार वैचारिक रूप से भी समृद्ध लोग हैं तो उनकी मनीषा में यह कैसे ठूँसा जाय और वे अपनी अंतरात्मा में झांकने के लिए तैयार हों कि उनका तथाकथित समाजवादी आंदोलन तब कहां था और आज कहां है। उन्हें कौन समझाये कि आखिर ज्ञान का आधार क्या है और क्या है उसकी वैधता का मानदंड? वे यदि इस वर्तमान सिस्टम को अवैध मानते हैं और माना कि वे दिशाहीन भी नहीं है तो बंदूक की नोक पर टिकी उनकी प्रणाली परिणाममूलक होगी, इसकी क्या गारंटी है? दरअसल नक्सलियों की राजनीतिक वैधता का कोई आधार नहीं है। बंदूकधारी व्यक्तियों से क्या बातचीत होगी ? लगता है कि नक्सलियों के बीच अब कोई दिलवाला नहीं रहा, बुद्धिजीवी नहीं रहा । समूचा वैचारिक फोरम ही अब मारकाट को चरम सीमा तक पहुँचाना चाहता है ।

नक्सलवाद को लेकर सरकारें जिस तरह राजनैतिक रोटी सेंकती रही हैं वह आम जनता की समझ से बाहर कतई नहीं है । नौकरशाह यानी वास्तविक नीति नियंताओं के बीच जनता के कितने हितैषी हैं, ऐसे चेहरों को भी आज जनता पहचानती है । उन्हें समय पर सबक सिखाना भी जानती है पर नक्सलवाद का सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि उसके परिणाम में केवल गरीब, निर्दोष, आदिवासी और कमजोर व्यक्ति ही मारा जा रहा है । इसमें राजनैतिक हत्याओं को भी नकारा नहीं जा सकता जिन्हें कई बार इनकाउंटर घोषित कर दिया जाता है।

इन दिनों देश के कथित जन अधिकारवादी संगठन और प्रखर बुद्धिजीवी प्रमाणित और असंदिग्ध गिरफ्तारियों को मानव अधिकार का हनन साबित करने के लिए जिस तरह हो हल्ला मचा रहे हैं उसे या तो मानसिक रुग्णता कहा जा सकता है या फिर प्रतिभा संपन्न लोगों की विपन्नता भी जो भाड़े में अपनी आवाज भी बेचा करते हैं । इससे प्रत्यक्षतः भले ही नक्सलियों या वाममार्गी चरमपंथियों के हौसले बुलंद नहीं होते हों पर इससे भारतीय मनीषा पर गंभीर शक तो जरूर होता है कि कहीं वे ही तो समाज और देश को फासीवाद की ओर धकेलना नहीं चाह रहे हैं ? वातानुकूलित विमानों पर लादे उन्हें कौन देश भर में घुमा रहा है ? आलीशान होटलों में व्हिस्की और चिकन चिल्ली की सुविधा के साथ उन्हें ठहराने वाला किस गरीब का हिमायती है और वे किसी एक व्यक्ति, जो अपनी अनैतिक और अप्रजातांत्रिक गतिविधियों से संदेहास्पद हो चुका हो, के लिए ही क्यों चिल्लपों मचा रहे हैं ? समाज और जनता को दिग्भ्रम करने का यह कौन सा बौद्धिक अनुशासन है ? और जिससे शांतिप्रिय समाज के समक्ष कानून एवं व्यवस्था का प्रश्न खड़ा कर रहे हैं।

वे कैसे यह भूलने की मूर्खता कर रहे हैं कि मानव अधिकार उनके भी हैं जो इन नक्सवादियों के क्रूरतम आक्रोश का शिकार हो रहे हैं । जो बमौत मारे जा रहे हैं क्या उनका कोई मानव अधिकार नहीं है ? जो इन नक्सलियों के बलात्कार और लूट-घसोट के स्थायी शिकार होने को बाध्य हैं क्या उनके भी मानव अधिकार निरस्त कर दिये गये हैं ? पुलिस के उपरले नहीं किन्तु निचले स्तर के जो अकारण सिपाही मारे जा रहे हैं उनके अनाथ बच्चों का कोई मानव अधिकार नहीं ? बड़े-बड़े पुलिस अधिकारियों के नक्सली क्षेत्र के दौरों के बहाने वन की सैर-सपाटे और शानो-शौकत में मातहत कर्मचारियों अपने छोटे-छोटे बच्चों के पेट काट कर जो चंदा दे रहे हैं उसमें मानव अधिकार हनन की कोई दुर्गंध नहीं आती ? शायद इसीलिए कि वे शासकीय वेतनधारक हैं । जो समाज से सबसे अशिक्षित और सीधे लोग अर्थात् आदिवासियों को अपने षडयंत्र का मोहरा बना रहे हैं वे कौन से मानव अधिकार की रक्षा कर रहे हैं ? नक्सलियों को कौन-सा ऐसा विशिष्ट मानव अधिकार मिल गया है जो नौनिहालों को पाठशाला से जो वंचित कर रहे हैं ? नक्सलवादी भूगोल की संभावित गरिमा जो छीन रहे हैं वे क्या मानव अधिकार का हनन नहीं कर रहे हैं । आखिर आदिवासी ग्रामों को सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य की बुनियादी सुविधा से वंचित करके रखने वाले ये नक्सली कौन सा मानव अधिकार का पाठ पढ़ा रहे हैं । इसका विरोध कौन करेगा? आखिर कब बाहर निकलेंगे हमारे बुद्धिजीवी रेत से अपना सिर निकाल कर?


(जयप्रकाश मानस)

Saturday, May 19, 2007

जगदीप डांगी के नाम एक पाती





सबसे पहले मेरी ईश्वर से अगर वो कहीं है तो यही शुभकामना है कि जगदीप में निहित दीप जलता रहे । और इस जहान को रोशन करता रहे ।

मित्र
दुर्गेश गुप्त से कल ही बातचीत हो रही थी । हिदीं के बढ़ते हुए कदमों को लेकर अपना-अपना अनुभव हम दोनों बखाने जा रहे थे । इस बखान में चिंताओं की लकीरें भी हम दोनों परस्पर देख रहे थे । जगदीप ड़ांगी का नाम उनकी जुबान पर आया तो मेरी जिज्ञासा एकबारगी बढ़ गयी । मैं उनके योगदान पर कुछ कहूँ गर्वोन्नत होकर, इससे पहले ही उन्होंने बड़े ही निराश स्वर में कहा – मानस, इन दिनों वे बड़ी हताशा और उपेक्षा-भाव से गुजर रहे हैं और हमें भी उनका वाकया सुनकर ऐसा लगना चाहिए। और सचमुच यह भाव बरबस अंतसः में तैरने लगता है - यह दुनिया जाने क्यों प्रतिभा का वास्तविक हक नहीं दिलाना चाहती । जाने क्यों रचयिता केवल धूलें फांकता है । गर्दिश में जन्मता है, गर्दिश के मध्य पलता है और गर्दिशों की पोटरी लादे चला जाता है ।

मैंने बहुत सुना था कि कंप्यूटर प्रौद्योगिकी को विकसित करने वालों को भारत सरकार और राज्य सरकारें जी खोलकर प्रोत्साहित कर रही हैं और इसी के बल पर वे दुनिया भर में अपनी साख बढ़ाना चाहती हैं । शायद मैंने बहुत ही गलत सुना था । आज मुझे ऐसा ही लगने लगा था । मन बड़ा ही खिन्न हो लगा । लगा कि आखिर क्योंकर जगदीप ने ऐसा अनुसंधान किया और अपने ईजाद से हिंदी-दुनिया के साथ-साथ प्रौद्योगिकी वालों को आश्चर्यचकित करने पर विवश कर दिया । क्या जरूरत थी भला उसे । आम हिंदुस्तानी युवाओं की तरह करता रहता मटरगश्ती, मोटर साइकिल में सवार, आंखों में रंगीन गॉगल चढ़ाये, एक हाथ में मोबाइल थामें, दूसरे में सिगरेट पकडे, इस गली से उस गली में । कभी सीटी बजाता । कभी किसी चिकनी गोरी को देखकर गुनगुनाने लगता – सुन, सुना, आती क्या खंड़ाला । चलती है क्या नौ से ग्यारह ।

ड़ांगी भैया, आप इस दुनिया को नहीं समझ सके, बस्स, आपसे यही और यहीं चुक हो गई । यह दुनिया आम को ही पंसद करती है । जहाँ कोई खास बना तो उसे भुलाने की कोशिश शुरू हो होती है । वह देखते ही देखते ईर्ष्या का पात्र बन जाता है। दुनिया को, पास-पड़ौस को आम आदमी चाहिए । खासकर राजनीतिक समाज में प्रभामंडल वाले लोग आम आदमी को प्यार करते हैं(दिखावा में सही), वह चाहते हैं कि वह मात्र आम आदमी बना रहे । आम आदमी की तरह जिये और आम आदमी की तरह गुजर जाये और वे खास बने रहें पीढ़ी-दर-पीढ़ी । आम आदमी ऐसे राज्यों में सिर्फ एक मतदाता होता है जिसे पांच साल में एक बार जहरीली शराब, एकाध साड़ी, कुछ रूपये देकर खरीद लिया जाये । यह आम आदमी यदि प्रतिभा के बल पर खास हो जायेगा तो उस समाज को परिवर्तित करना नहीं चाहेगा । अवश्य चाहेगा । और यही उनके भय का कारण है । हाँ, यदि किसी दल के झंडाबरदार रहते और संयोग से मक्खी भी मार लेते तो आपके राज्य की सरकार आपको शेरमार की उपाधि से विभूषित करती । आपको वज़ीफा मिलता । आपके बच्चों की परवरिश की चिंता की जाती । दवाई-दारू मुफ़्त में मिलता। अभी जिस हालात में आप हैं, वह दिन देखना ही नहीं पड़ता आपको । आपने अच्छा नहीं किया । करते रहते खेतों में निंदाई-गुड़ाई । जोतते रहते खेत । उगाते रहते घास । गाते-रहते मेड़ पर बैठे-बैठे कोई लोकगीत । देहाती क्यों नहीं बने रहे आप ? आपको क्यों ऐसा लगा कि ये सरकारें देहाती दुनिया के लोगों के किये-धरे पर विश्वास करते हैं । आपको जानना चाहिए कि उन्हें आधुनिक मूल्यों वाले लोग दुश्मन नज़र आते हैं । प्रगतिशील लोग कंम्युनिस्ट नज़र आते हैं । नवाचारी लोगों से उन्हें भय सताता है । वे उसकी लोकप्रियता से घबराते हैं । कहीं उनका साम्राज्य न ढह जाये । कहीं उनकी पदवी न झिन जाये । इस समाज की भाषा कैसे क्यों नहीं समझ सके आप.....

डांगी भैया, आप तो दुनिया की किसी भी परंपरा के बारे में नहीं जानते ना, काश, आप घुटने टेक कर मिमियाना जानते । घर-घर थैली पकड़कर जाते, जोर-जोर से चिल्लाते – दे दे बाबा, हिंदी के नाम पर,,,,,,,, हिंदी माता आपके बाल-बच्चों को खुश रखे । और ज़रा सी चालाकी आती तो किसी धन्ने सेठ की गद्दी के सामने दंडवत मुद्रा में लेट जाते और अनुमति पर अपने चीज़ों की नुमाइश करते । पर वाह, रे सरस्वती आपने इतनी भी बुद्दि नहीं दी सृजनकारों को...........।

मैं सुनकर भौचक रह गया हूँ कि आप इन दिनों गंभीर बीमारी के शिकार होकर अस्पताल की शरण जाने के लिए विवश हैं । शायद आपको मृत्यु का डर भी सता रहा हो । आपके सामने अंधेरा छाने लगा हो । आपके आँखों में आपके बच्चे अनाथ नजर आने लगे हों । बूढे माँ-बाप का उदास चेहरा आपके आँखों में बार-बार आँसू उडेल रहा हो । छूटता हुआ संसार आपको याद आ रहा हो । आपके मित्र आपको बुला रहे हों । बुला रहे हों वे झरने जहाँ आप घंटों बैठकर उसकी धारा को अपलक निहारा करते थे । वे नदियाँ जहाँ आप कभी सीपी ढूँढते फिरते थे और कभी कागज की नाव बनाकर बहाते रहते थे । आपको उस चिडिया का गीत भी सुनाई देता हो जो बड़े भोर से माँ को जगाने आ जाती थी कि जागो अम्मा, अपने लाड़ले जगदीप को जगाओ, उसे अभी बहुत काम करना है । वह सोता रहेगा तो दुनिया को नई चीज़ कौन देगा !

भैया जगदीप, आप मन ही मन अपनी शिक्षक को कोस रहे हों कि उसने आखिर क्यों ऐसी शिक्षा दी आपको । क्यों समाज के लिए कुछ करने की ईबारत आपने पढ़ी । अच्छा होता कि आप सिर्फ हस्ताक्षर करना ही सीख जाते । मूरख बने रहते ।

मुझे यह लिखते हुए बहुत ही क्षोभ हो रहा है कि मैं क्यों आपके लिए कुछ नहीं कर सकता । क्या करूँ, मैं भी तो तुम्हारी तरह फटेहाल हूँ । तुम तो जानते ही हो कि लेखक के पास कुछ भी नहीं होता । कुछ शब्द, कुछ पन्ने, कुछ विचार और एक कलम के अलावा । तुम बुद्धि से गढ़ते रहे और मैं मन से । पर दोनों का उद्देश्य एक ही है – भाषा की पूजा । भाषा की अर्चना । भाषा की अभ्यर्थना । दोंनो की दुनिया एक ही है । दुनिया के लोग एक जैसे हैं । तुम्हारा और मेरा समाज एक ही है, बड़ी बेमुरौव्वत दुनिया है यह !यहाँ किसे मतलब है भाषा से, भाषासेवियों से ?भाषा भी किस काम की चीज़ होती है ।

तुमने अच्छा नहीं किया अपनी नुमाइश करके, राजदरबार में । तुम कैसे भूल गये यह- वहाँ वही होता है जिसे उनके चाटूकार सलाहकार कहें । कौन-सी फाइल चलेगी, कौन-सी रेंगेगी और कौन-सी दौडेगी इन सबकी गति राजा थोड़े ना तय करता है । यह सब तो उनके कारिंदे करते हैं, जिनके दिल नहीं हुआ करता ।
हाँ, उनका उदर जरूर इतना बड़ा होता है कि जहाँ समूची दुनिया समा जाये । वहाँ कोट-टाई लगाये कुछ भारतीय अंगेज़ भी होते हैं । क्या इन ब्युरोक्रेस्ट के बारे में तुम्हें किसी ने नहीं बताया था, तुम भूलकर चले गये । क्यों राह देख रहे हो तुम उनके उत्तर का ? वे क्या तुम्हारे रिश्तेदार हैं । तुम तो उनकी भाषा पर ही आक्रमण करने वाली चीज़ बना कर बेचना चाहते हो । भाई कैसे वे इसे बिकने देंगे । वे क्यों चाहेंगे कि उनकी भाषा का साम्राज्य ही ढह जाये तुम्हारी खोज से । मुझे तुम्हारे पत्र को निहारने का मौका भी मिला, जो तुमने भाई दुर्गेश को लिखा है –

“नमस्कार, ई-मेल के लिये और बधाई भेजने के लिये आपका बहुत-बहुत धन्यवाद । ३ सेप्टेम्बर २००६ को मुख्यमन्त्री जी ने मुझे मुख्यमन्त्री निवास पर बुलाया था. श्री चौहान साहब मुझसे मिले और मुझे अपने कार्य के लिये बधाई दी। उस समय वहाँ पर मुख्यमन्त्री के सचिव श्री इकबाल सिंह वैश, श्री अनुराग जैन, श्री नीरज वशिष्ट आदि सहित और भी अधिकारी थे, मुख्यमन्त्री जी ने इन सभी को मेरा कार्य देख्नने को कहा और कहा की जो भी कुछ हो सके जगदीप के लिये करो। तभी मैंने सभी के समक्ष अपने सोफ़्ट्वेयर का प्रदर्शन किया सभी ने मेरे कार्य की तारीफ़ की और तभी श्री अनुराग जैन ने मुझे मुख्यमन्त्री फ़ेलोशिप देने की विधिवत घोषणा की और कागजी कार्यवाही भी की. फ़िर मुझे विज्ञान भवन लाया गया. जहाँ पर मैपकोस्ट (MAPCOST)के निदेशक डा. महेश शर्माजी से मुझे मिलाया गया। श्री शर्माजी ने मेरे सोफ़्ट्वेयर के परीक्षण के लिये एक चार सदसिय टीम गठित की इस टीम मैं चार कम्पूटर वैज्ञानिक थे. सभी ने मेरे सोफ़्टवेयर का परीक्षण किया और इस की रिपोर्ट ४ दिन के अन्दर मुख्यमन्त्री जी के सचिव श्री इकबाल सिंह वैश के नाम जारी की. यह रिपोर्ट मेरे और अपने प्रदेश के हित मैं थी जिसमे इन सोफ़्ट्वेयर्स की उपयोगिता को प्रदेश के स्कूलों, किसानों, और विभिन्न विभागों के उपयोग मैं आने से संबंधित थी. उस रिपोर्ट को मैंने भी देखा है. फिर हमारे जिला में सांसद का चुनाव आ गया और मुझसे कहा अभी आपके यहां आचार संहिता लगी है. इस लिये आपका काम बाद में होगा. काफी इंतजार के बाद फिर हमने जानना चाहा की हमारी फेलोशिप का क्या हुआ तो मुझे बताया गया की फेलोशिप देने की नीति पूर्व मुख्यमन्त्री श्री दिगविजय सिंह जी बन्द कर गये और इस गलत कथन से हम ह्तप्रभ रह गये। और आगे आजतक कुछ नहीं मिला।

तकदीर न हमारे साथ बहुत ही बेहूदा मजाक किया मेरा बचपन तो अस्पताल में ही गुजर गया और आज मैं बहुत ही खराब स्थिति में हूँ मेरी तवियत ठीक नहीं है मेरा इलाज भोपाल मेमोरियल में चल रहा है मेरी दोनो किडनी खराब बताई हैं मुझे क्रोनिक रीनल फ़ैलर बताया है अब पता नहीं मैं रहूँगा या नहीं । आप लोगों ने मुझे बहुत लाड प्यार मान सम्मान दिया इसके लिये सरकारी तंत्र से ज्यादा आपका आभारी हूँ । धन्यवाद



जगदीप


मैं उस पत्र को बार-बार बांच रहा हूँ जिसके हर शब्द नियति, नियत और नीतियों का पोल खोलती हैं । इसमें दुर्गेश जी की चिंता साफ-साफ झलकती है । जाने क्यों, पर मुझे लगता है इसमें मेरी चिंताएं भी समादृत हैं ।

प्रिय जगदीप जी,
बधाई । शीघ्र ही आपके समाचार को अपने जाल-स्थल पर जारी करूंगा । आपका म.प्र.शासन की स्कालर शिप का क्या रहा ?



-दुर्गेश गुप्त "राज"



Dear Sir,
नमस्कार, मेरे द्वारा निर्मित हिन्दी सोफ़्टवेयर अनुवादक और शब्दकोश के विन्डोज (९५/९८/एक्स-पी) आधारित परीक्षण संस्करण को डिजिट पत्रिका ने अपने अप्रैल-२००७ संस्करण की सी.डी. के साथ जारी कर दिये हैं। इस सूचना को अपने जाल-स्थल पर जारी करने की कृपा करें। धन्यवाद।



जगदीप दाँगी





अब कहने को मध्यप्रदेश या भारत सरकार भी कह सकती है कि उसने ना नहीं कहा है डांगी को । वह परीक्षण करवा रही है । भई वाह । क्या कहना इस प्रजातंत्र का । क्या कहना हमारे राजनीतिज्ञों का । बलिहारी जाना चाहते हैं हम हिदीं सेवी लोग उन नौकरशाहों पर जिनकी फाइलें चलती रहती है । भले ही आदमी उधर देह त्याग दे । उसे सम्मानित करने का औचित्य ही समाप्त हो जाये । मैं बीबीसी में छपे उस समाचार की ओर भी जनसंपर्क विभाग का ध्यान दिलाना चाहता हूँ आज से लगभग 2 साल पहले इशारा किया गया था कि डांगी ने बकायदा सरकारों से संपर्क किया है किन्तु कोई शुभ संकेत उधर से नहीं है । अब इसे राजकाज के लोग ही न पढ़े तो भला क्या किया जा सकता है ।
हे नेताओ ज़रा पढा करो ऐसे समाचारों को । हे अलालों, कुर्सीतोडू मोटें तोंद वाले बांचा करो कि क्या जनता चाह रही है । क्या छवि बन रही है आपकी इस देश में । बल्कि समूचे विश्व में । क्या डांगी के बहाने आप अपने को सुधार पायेंगे । अपनी गलती को सुधार पायेंगे । अभी भी देर नही हुआ है । या फिर वही जुमला उछालते रहेंगे कि लाखों आते रहते हैं ऐसे में तो हो गया राजकाज........। मैं हिदीं के नाम पर लाखों-करोड़ो डकार जाने वाले उन मठाधीशों को भी याद कराना चाहता हूँ कि आपको क्या हो गया है अब तक जो जगदीप डांगी जैसी प्रतिभा के पक्ष में दो लब्ज भी कहीं रख सकते ? कैसे भी रखो, दारू-मुर्गी उडाने से फुर्सत जो नहीं मिलती ।
हे शिविरबाज भाषासेवियों आपको क्या हुआ ? आप तो अपने भाषणों में खूब चीखते-चिल्लाते रहे हो । कि ये कर देंगे । वो कर देंगे ........
जगदीप शायद, देखना ये दुनिया वाले तुम्हारी बहुत बड़ाई करेंगे । 13-15 जुलाई को अमेरिका में 8 वे विश्व हिंदी सम्मेलन में तुम्हारी तारीफ़ में बड़े-बड़े कशीदे गढ़े जायेगें । पर तुम्हें इस वक्त याद करने वाला कोई नहीं होगा । और तो और तुम्हारे राज्य की सरकार भी कुछ हिंदी सेवियों (?) को अमेरिका भेजने पर लाखों लुटायेगी पर तुम्हारे सॉफ्टवेयर को रिकमंड नहीं करेगी । तुम इस पर भी आँसू कतई मत बहाना । आँसूओं को पी जाओ मेरे भाई । यही हमारी नियति है - इस महादेश में । यह तुम्हारे साथ ही नहीं हो रहा है । यह तो हिंदी के हर सेवक के साथ होता आ रहा है ।

जगदीप जी, मैं आपसे कभी नहीं मिला । नहीं देखा कभी सामने । फिर भी लगता है कि आप हमारे भीतर मौजूद हैं,मैं आपकी पीड़ा को पढ़ पा रहा हूँ । मेरी बैचेनी लगातार बढ़ती जा रही है । मन बड़ा व्याकुल है । कभी-कभी करता है नोंच डालूं नियति को । कभी मन करता है कि उन नीतियों के पन्ने ही जला डालूँ जो हमारे कल्याण के संबंध में होती ही नहीं है । और उस नीयत को दफन कर दूँ जो प्रजातांत्रिक देश में हमारे कर्णधारों को ले डु
बाने में कारण बना हुआ है जिससे हम प्रजाओं ने कभी भी अपने नाम खुशियाली का लिफाफा ही नहीं देख सके ।

मैं जानता हूँ कि हिंदी वाले भी ठीक वैसे हैं जैसे उनकी सरकारें, जैसे उनका समाज भी । पर उनमें अभी संवेदना शेष है । कोई न कोई हिंदी वाला हममें से आगे आयेगा और आपकी-हमारी आवाज़ सही लोगों तक
तक पहुँचायेगा । कोई ब्लॉगर भी हो सकता है और कोई पत्रकार भी । देखते हैं.... क्या करते हैं ये दुनिया वाले ......
यह ईमानदार प्रतिभा को ख़ारिज करने का दौर है । खासकर, वैसी प्रतिभा जिनपर किसी ख़ुदा की इनायत नहीं रही । जिन्होंने अपने बलबुते पर अपनी जगह बनायी । अपनी प्रतिभा को निखारा । फिर वो चाहे साहित्य कला के क्षेत्र में हो या फिर नई तकनॉलाजी के क्षेत्र में हो । हमारे समाज का तथाकथित प्रभूवर्ग उस व़क्त तिलमिला जाता है जब वो देखता है कि आम सा दिखने वाला व्यक्ति यकायक खास कैसे हो गया । गोया प्रतिभा का ठेका प्रभूवर्ग ने ही ले रखा है । इन विसंगतियों के बावजूद समाज में प्रतिभा को समादृत करने वाले बहुत से लोग हैं जो हम जैसे चोट खाये लोगों पर मरहम की तरह लग जाते हैं । यह लड़ाई लम्बी है । शायद अंतहीन भी हो । लेकिन हमें मौर्चे पर डटे रहना है । हथियार के नाम पर हमारे पास हौसला है । सहनशक्ति है । मनुष्यता है । अहिंसा है । शब्द हैं जो अपनी धार बनाते रहते हैं । अरूण कमल की कविता है –

अपना क्या है इस दुनिया में
जो कुछ मिला उधार
सारा लोहा उन लोगों का
अपनी केवल धार



तो हम लोग विचारों की धार लेकर के निर्मम प्रवृतियों को काटने की कोशिश कर रहे हैं । पता नहीं सफलता कब मिलेगी । फिलहाल युद्ध तो जारी है । मैं अपनी बात प्रख्यात कवि और व्यंगकार श्री गिरीश पंकज की ग़ज़लों के साथ शुरू करना चाहता हूँ क्योंकि यह हमारे वैचारिक संघर्ष का प्रस्थान बिन्दू है –

हो मुसीबत लाख पर यह ध्यान रखना तुम
मन को भीतर से बहुत बलवान रखना तुम

ज़िंदगी में कब कहाँ ये थम जाये
अधर पर बस हर घड़ी मुस्कान रखना तुम ।

मैं तो उन्हीं के शब्दों में यही कहना चाहता हूँ कि -

आपकी शुभकामनायें साथ है
क्या हुआ गर कुछ बलायें साथ हैं ।

हारने का अर्थ यह भी जानिये
जीत की संभावनाएं साथ हैं ।

इस अंधेरे को फ़तह कर लेंगे हम
रोशनी की कुछ कथाएं साथ हैं ।

तो यह जो विसंगतियों का, निर्ममता का, अमानवीय अंधेरा दीख रहा है उसके विरूद्ध हम विचारों की, सद्भावों की मशाल लेकर चल रहे हैं । देखना यह है कि मंज़िल हमें मिलती है या नहीं ....... । इस बेहद कठिन समय में हम एक दूसरे के दर्द को बाँट रहे हैं । मतलब यह है कि पीड़ा के पर्वत को हँसते हुए काट रहे हैं । शायद यही जीवन हैं । और अब तो लगता है हम सृजनशील लोगों के हिस्से में यह दर्द, यह पीड़ा विरासत में मिली है । इसे ढ़ोना है । लेकिन बिना किसी दुर्भावना के । क्योंकि फिर एक शायर की पंक्तियाँ –

उनका जो काम है वो अहलेसियासत जाने
मेरा पैगाम मोहब्ब्त है जहाँ तक पहुँचे ।


(जगदीप डांगी के बारे में और भी बहुत कुछ जानने के लिए लॉगआन करें wwww.srijangatha.com )